
मिर्जापुर। विंध्याचल मंडल के संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन ओपी सिंह का निधन हो गया। बीते दिनों जांच में कोरोना पाजिटिव मिलने पर लखनऊ स्थित निजी चिकित्सालय में इलाज चल रहा था। गुरुवार की सुबह लगभग साढ़े सात बजे उनका निधन हो गया। वे 58 वर्ष के थे। आरटीओ ओपी सिंह का परिवार गोमतीनगर लखनऊ में रहता है। इनके परिवार में पत्नी, एक पुत्र और दो बेटियां हैं। मीरजापुर में बीते तीन वर्ष से आरटीओ प्रवर्तन की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। हनुमान पड़रा स्थित कार्यालय में शोक सभा का आयोजन किया गया। इसमें उनके निधन पर आरटीओ प्रशासन आरके विश्वकर्मा, एआरटीओ रविकांत शुक्ला व विवेक शुक्ला, पीटीओ प्रमोद सिंह, राम सागर, आरआइ ओपी सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, कृपाकर दुबे आदि ने शोक संवेदना व्यक्त की। कहा कि ओपी सिंह एक मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ व्यक्ति थे।