
चंदौली। ग्राम पंचायतों की आरक्षण सूची आगामी तीन मार्च तक जारी होने की संभावना है। लेकिन इसके पहले एक अहम जानकारी यह कि जिले में 2015 के पंचायत चुनाव में सृजित होने वाली नई ग्राम पंचायतों में इस बार शून्य मानकर आरक्षण लागू होगा। चक्रानुक्रम प्रणाली के चलते आरक्षण में बदलाव तय माना जा रहा है। लिहाजा सहायक विकास अधिकारी ग्राम पंचायतों की रिपोर्ट तैयार करने में जुटे हैं। प्रस्तावों की जांच के बाद आरक्षण सूची तैयार होगी।
2015 में 32 नई ग्राम पंचायतों का सृजन किया गया। इस तरह चंदौली में ग्राम पंचायतों की संख्या बढ़कर 734 हो गई। इसमें अधिकांश ग्राम पंचायतें गत चुनाव में अनुसूचित अथवा पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित रहीं। शासन ने इस बार गाइडलाइन में बदलाव किया है। चक्रानुक्रम प्रणाली के तहत आरक्षण लागू करने का फरमान है। ऐसे में नई ग्राम पंचायतों में पिछले चुनाव के आरक्षण को शून्य मानते हुए इस बार नए सिरे आरक्षण तय होगा। इसमें संबंधित वर्ग की आबादी के विशेष मायने होंगे। ग्राम पंचायत में जिस वर्ग की आबादी अधिक होगी, उस वर्ग के लिए ग्राम प्रधान का पद आरक्षित हो सकता है। क्षेत्र पंचायत, ग्राम पंचायत पदों पर भी यही मानक लागू होगा। ऐसे में सरगर्मी बढ़ गई है। माना जा रहा है कि पिछले चुनाव में ग्राम प्रधान का पद यदि अनुसूचित पुरूष के लिए आरक्षित था तो इस बार महिलाओं को मौका मिल सकता है। वहीं आबादी अधिक होने पर सामान्य अथवा पिछड़ा वर्ग के लिए भी आरक्षित किया जा सकता है। इसको लेकर सहायक विकास अधिकारियों से ग्राम पंचायतों में आबादी का ब्योरा मांगा गया है। एडीओ पंचायत को निर्धारित प्रारूप पर ही रिपोर्ट भेजने का निर्देश है। इसमें कालमवार आबादी का आंकड़ा, 1995 से अब तक आरक्षण का ब्योरा समेत अन्य सूचनाएं देंगे।