चंदौली। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के ब्लॉक अध्यक्ष मनोज यादव के नेतृत्व में सकलडीहा थाना पर किसानों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कोतवाल के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। भाकियू वाराणसी मंडल अध्यक्ष ने दिल्ली कूच और गौतम बुद्ध नगर के किसानों पर हुए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की। उन्होंने गिरफ्तार किसानों की शीघ्र रिहाई की मांग की। चेताया कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो वाराणसी मंडल के किसान भी बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
मनोज यादव ने कहा कि किसान अपनी मांगों को लेकर लगातार धरने पर हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें गिरफ्तार कर रही है। मुरलीधर पांडेय ने सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि यह किसानों के हितों के खिलाफ है। प्रदर्शन में बिजेंद्र तिवारी, कमला पांडेय, रामाश्रय प्रजापति, राधेश्याम शुक्ल, कल्लू, रामजी यादव, जयप्रकाश मौर्य सहित कई किसान उपस्थित रहे।