fbpx
चंदौलीराज्य/जिला

Chandauli News:बलुआ घाट पर बनेगा बहुउद्देशीय मंडप प्रतीक्षालय, हुआ शिलान्यास

चंदौली। चहनियां विकास खंड  अंतर्गत बलुआ घाट पर भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण की टीम द्वारा बहुउद्देशीय मंडप प्रतीक्षालय के निर्माण हेतु भूमि का चिन्हांकन किया गया और शिलान्यास समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर भाजपा नेता अरविंद पांडेय और गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल ने नारियल फोड़कर कार्य का शुभारंभ किया।

 

भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी उत्कर्ष पांडेय और परियोजना के ठेकेदार रोहित सिंह ने बताया कि यह मंडप वाराणसी के अस्सी घाट के तर्ज पर बनाया जाएगा। इसके निर्माण में लगभग 3 महीने का समय लगेगा। उन्होंने आगे जानकारी दी कि 6000 वर्गफीट ज़मीन पहले से ही इस परियोजना के लिए निर्धारित की जा चुकी है और इस स्थान पर आगामी कार्ययोजना पर भी विचार किया जा रहा है।

गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल ने बताया कि इस बहुउद्देशीय मंडप का निर्माण लंबे प्रयासों के बाद संभव हो पाया है। भाजपा नेता अरविंद पांडेय के सहयोग से यह परियोजना 18 लाख पचास हज़ार की लागत से तैयार होगी। यह मंडप स्थानीय निवासियों और घाट पर आने वाले यात्रियों के लिए विश्राम और अन्य आवश्यक सुविधाओं का केंद्र बनेगा।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जुगनू पासवान, अंकित जायसवाल, विवेक तिवारी, विनय रस्तोगी, लव यादव, राजेश सोनकर, नीरज साहनी, अजय साहनी, अजीत निषाद, धनंजय कुमार उपस्थित रहे।

Back to top button