fbpx
ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : चंदौली में 272 स्थानों पर स्थापित होंगी दुर्गा प्रतिमाएं, पुलिस अलर्ट, आपरेशन त्रिनेत्र से निगरानी

चंदौली। जनपद में दुर्गा पूजा पंडालों में दुर्गा प्रतिमाएं आज स्थापित हो जाएंगी। जिले में इस वर्ष 272 स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। भीड़भाड़ और त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता रोकने के लिए चंदौली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पुलिस प्रशासन शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत विशेष कार्रवाई करेगा, जिसके अंतर्गत अपराधियों और माहौल बिगाड़ने वाले तत्वों पर पैनी नजर रखी जाएगी।

पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बताया कि पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है, जबकि एंटी रोमियो टीम सिविल ड्रेस में शोहदों पर विशेष नजर रखेगी। पुलिस के साथ-साथ सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे निगरानी की जा सके और किसी भी घटना के तुरंत बाद कार्रवाई की जा सके।

महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए, पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। सिविल ड्रेस में एंटी रोमियो टीम विशेष रूप से शोहदों और अराजक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखेगी। इस ऑपरेशन का मुख्य उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

चंदौली के 272 पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भीड़ की गतिविधियों पर लगातार निगरानी की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अराजकता या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पीएसी के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किए गए हैं ताकि जिले में शांति और सुरक्षा बनी रहे।

Back to top button