fbpx
ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : लापता कार चालक का झारखंड के हंटरगंज में नहर में मिला शव, वाहन में लगे जीपीएस से बदमाशों के घर तक पहुंची पुलिस

चंदौली। पिछले एक सप्ताह से लापता मुगलसराय के मैनाताली निवासी कार चालक संतोष जायसवाल (40 वर्ष) का शव मंगलवार को झारखंड के हंटरगंज में नहर में उतराया मिला। वह 19 अगस्त की शाम कार से सवारी लेकर बिहार के डोभी गया था। उसके बाद से लापता था। कार में जीपीएस के जरिये पुलिस अपराधियों के घर तक पहुंची। वहां से मिले सुराग के जरिये कार चालक का शव बरामद किया गया। झारखंड के हंटरगंज थाना में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पहले ही कार को लावारिस हालत में गया स्टेशन से बरामद कर चुकी है।

 

मुगलसराय के मैनाताली निवासी 40 वर्षीय संतोष जायसवाल वाराणसी के मोहम्मद अली की स्विफ्ट कार चलाता था। मुगलससराय रेलवे के टैक्सी स्टैंड से रिजर्व सवारियों को लेकर आता जाता था। 19 अगस्त की शाम सवारियों को लेकर बिहार के डोभी गया था। कई दिन बीत जाने के बाद भी वापस नहीं लौटा। परिजन वाहन की लोकेशन पता करते हुए शनिवार को बिहार के गया स्टेशन पहुंचे, जहां कार लावारिस हाल में खड़ी मिली। लेकिन पूछताछ के बाद भी संतोष का पता नहीं चल सका। वृद्ध मां रामदुलारी ने कोतवाली में पुत्र की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। संतोष परिवार का इकलौता सहारा था। पिता की काफी पहले ही मौत हो चुकी थी। मंगलवार को कार चालक का शव झारखंड में नहर में मिला। अपराधियों ने उसकी हत्या कर शव फेंक दिया। इस संबंध में मुगलसराय कोतवाल विजय बहादुर सिंह ने बताया कि मुगलसराय कोतवाली में गुमशुदगी की दर्ज हुई थी। 19 तारीख को गाड़ी बुक करके कुछ लोग ले गए थे। 2 दिन बाद इसकी हत्या करके शव फेंक दिए। बिहार और झारखंड की पुलिस काफी सहयोग किया। तफ्तीश करके शव व गाड़ी को बरामद कर लिया गया है।  झारखंड के हंटरगंज थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है।

 

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

यह कोई पहला वाकया नहीं है। इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। बिहार और झारखंड से बदमाश गाड़ियां बुक करके ले जाते हैं और घटनाओं को अंजाम देते हैं। उसके बाद चालकों की हत्या कर दी जाती है। इससे चालक बिहार व झारखंड सवारियों को लेकर जाने से कतराते हैं। पैसे की लालच में जो चला जाता है, उसके साथ इस तरह की घटनाएं होती हैं।

 

Back to top button