fbpx
चंदौलीचुनाव 2024

Chandauli News : अलसुबह नवीन मंडी पहुंचे पूर्व विधायक, प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप, बोले, मंडी परिसर खाली कराकर ईवीएम से छेड़खानी की तैयारी

चंदौली। सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू शुक्रवार की अलसुबह मुख्यालय स्थित नवीन मंडी पहुंचे। किसानों और सब्ज़ी व्यापारियों को सड़क पर देख मर्माहत हो उठे। किसानों और सब्जी व्यापारियों की इस दशा के लिए जिम्मेदार जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि निष्पक्ष चुनाव कराने वाले जिला प्रशासन की भूमिका संदिग्ध है। किसानों के लिए बनी नवीन मंडी से किसानों को ही बाहर कर दिया गया है, जिससे आज किसान सड़क पर आ गए हैं। मंडी परिसर खाली कराकर प्रशासन ईवीएम के साथ छेड़खानी की तैयारी कर रहा है।

सपा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि जिलाधिकारी जनपदवासियों को यह बताएं कि नवीन मंडी को एक पखवारे तक बंद करके और क्या करने की सोच रखते हैं। जब से नवीन मंडी बनी है कभी भी बंद नहीं हुई। मैनें अब तक कई चुनाव देखे हैं लेकिन यह पहली बार देख रहा हूं कि नवीन मंडी को पूरी तरह से सीज कर दिया गया है। कहा कि मैंने 2012 का चुनाव देखा। 2014, 2017, 2019 और 2022 का चुनाव इसी मंडी से सम्पन्न हुआ, लेकिन कभी भी मंडी को इस तरह बंद नहीं किया गया था। चंदौली में यह किस तरह का चुनाव चल रहा है आम लोगों की समझ से पर है। एक पखवाड़े तक नवीन मंडी को बंद कर देने से किसानों व सब्जी व्यापारियों की आजीविका पर संकट आ गया है। ऐसे में लाचार व बेबस किसान और सब्जी व्यापारी अपनी आजीविका के लिए सड़कों पर व्यापार करते हुए नजर आ रहे हैं। यह चंदौली के जिला प्रशासन के लिए शर्म की बात है। कहा कि जल्द ही जिलाधिकारी से मुलाकात कर नवीन मंडी को बंद करने की वजह जानना चाहेंगे। साथ ही इसे किसानों के हित में खोलने की मांग भी करेंगे। जिला प्रशासन यदि किसी भी तरह के हीलाहवाली करता है तो निर्वाचन आयोग से इसकी शिकायत की जाएगी। सपा नेता ने आशंका जताई कि नवीन मंडी को बंद करके इवीएम के साथ छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया जा सकता है, जिससे लोकसभा चुनाव की निष्पक्षता खतरे में होगी। इस आशंका से समाप्त करने के लिए जिला प्रशासन जल्द से जल्द नवीन मंडी को व्यापारियों किसानों के लिए खोलने का काम करें, ताकि सैकड़ो लोगों की रोजगार पर छाए संकट के बादल हट सके।

Back to top button