चंदौली। सपा से लोकसभा प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह टिकट मिलते ही चंदौली पहुंचे। उन्होंने मुख्यालय स्थित विकास पुरुष पंडित कमलापति त्रिपाठी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया। वहीं सपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता में चंदौली से भाजपा सांसद व केंद्रीय मंत्री पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव-2024 में लड़ाई पीडीए और भाजपा के बीच है। भाजपा ने भ्रम और आडम्बर को पैदा करके वोट लेने का काम किया है। अब 10 साल हो गए हैं, और देश की जनता इनकी सच्चाई से वाकिफ हो चुकी है। कहा कि चंदौली के वर्तमान सांसद केंद्र सरकार में भारी उद्योग मंत्री है, इसके बावजूद चंदौली के युवाओं के हित और उनकी बेरोजगारी को दूर करने की कोई पहल नहीं की गई। यदि वह युवाओं के रोजगार को लेकर फिक्रमंद होते तो चंदौली में कई बड़ी कम्पनियां स्थापित हो गई होती, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। कहा कि उनकी लड़ाई किसी जाति विशेष से नहीं है, बल्कि वे उन तमाम लोगों की आवाज बनना चाहते हैं,जो सताए जा रहे हैं। कहा कि चंदौली से उनका पुराना नाता है, चंदौली की भौगोलिक स्थित से पूरी तरह वाकिफ हूं। साथ ही यह भी पता है कि चंदौली की आर्थिक प्रगति कैसे होगी। चंदौली का विकास और यहां के लोगों का हित कैसे सिद्ध होगा। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव का आभार व्यक्त करते हुए पार्टी के भरोसे पर खरा उतरते हुए सपा के परचम को चंदौली में लहराने की बात कही। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, निरंजन कन्नौजिया, अशोक त्रिपाठी, राममूरत पासवान, मीरा यादव, इमरान सिद्दीकी,दुलारे कौनजिया, रामजनम यादव उपस्थित रहे।