
चंदौली। नौगढ़ पुलिस ने सोमवार को चंद्रप्रभा जंगल से 132 गोवंश को तस्करों के चुंगल से मुक्त कराया। वहीं चार तस्करों को भी गिरफ्तार कर लिया। एक तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पकड़े गए तस्करों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
थानाध्यक्ष अतुल प्रजापति को सूचना मिली कि तस्कर पशुओं को लेकर जंगल के रास्ते जाने की फिराक में हैं। इस पर तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने सोमवार की भोर में चंद्रप्रभा जंगल में घेरेबंदी कर लीष थोड़ी देर बाद पशुओं को पैदल ही हांकते हुए तस्कर वहां पहुंच गए। पहले से मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने तस्करों को धर-दबोचा। चार तस्कर गिरफ्तार किए गए। वहीं एक पुलिस को चकमा देकर भाग गया। गिरफ्तार पशु तस्कर बिहार प्रांत के भभुआ जिले के चांद थाना रामपुर निवासी दिनेश चौहान, मोहन चौहान, लोकू चौहान और सोनभद्र जिले के रावर्ट्सगंज के खरजानपुर निवासी भगवान दास को गिरफ्तार कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक आपरेशन सुखराम भारती ने बताया कि पशु क्रूरता व पशु वध के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नौगढ़ पुलिस ने चार तस्करों को पकड़ा। 132 गोवंश को मुक्त कराया। तस्करों के पास से चापड़ मिले हैं, जिनका इस्तेमाल पशु वध के लिए किया जाता है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। तस्करों के आपराधिक इतिहास का भी पता लगाया जा रहा है।