
चंदौली। भोजपुरी अभिनेता, गायक और भाजपा सांसद मनोज तिवारी चर्चा में आए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (Dhirendra Shastri) के समर्थन में आ गए हैं। उन्होंने कहा कि धीऱेंद्र शास्त्री सत्य सनातन का नाम जगा रहे हैं, इसलिए कुछ लोगों के पेट में दर्द हो रहा। उत्तर पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद ने शुक्रवार को मुंडेश्वरी धाम जाते समय पीडीडीयू नगर में पत्रकारों से यह बात कही। फिल्म अभिनेता का भोजपुरिया अंदाज देखने को मिला। कहा दुनिया भर में जहां-जहां गईनी ओकरा आधार में माई मुंडेश्वरी क कृपा बा। उहां गावे जात बानी। कहा कोरोने के चलते कार्यक्रम नहीं हो सका। तीन साल बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम में गीत गाने जा रहा हूूं।
भोजपुरी अभिनेता के पीडीडीयू नगर पहुंचने पर लोगों ने स्वागत किया। उन्होंने कहा कि दुनिया में बहुत सारे दुखी लोग हैं। वे बागेश्वर धाम जाते हैं, धीरेंद्र शास्त्री को अपनी तकलीफ बताते हैं तो वे कहते हैं कि हनुमान जी कृपा करेगे और हनुमान जी कृपा भी कर देते हैं। वे कहते हैं कि हनुमान जी का जाप करो, राम का जाप करो। सत्य सनातन का नाम जगा रहे हैं, इसलिए लोगों के पेट में दर्द हो रहा है। वे मंच से अपने मुस्लिम दोस्त की भी तारीफ करते हैं। वे किसी के विरोधी नहीं हैं। मनोज तिवारी ने रामचरित मानस पर स्वामी प्रसाद मौर्या की टिप्पणी पर भी कटाक्ष किया। बोले, यह राजनीति है। जो लोग विरोध कर रहे, वे लोग भी राम को ही मानते चले आ रहे हैं। हर युग में रावण हैं। इस युग के रावण ये बन गए हैं। देश के लोग अपने अंदर राम व कृष्ण को जगाएं। जो लोग हिंदू व सनातन धर्म का अनादर करने के काम योजना के तहत कर रहे हैं, उन्हें जवाब देने का काम कानून का तो है ही जनता भी जागेगी और जो हमारे राम, कृष्ण व रामचरित मानस को बदनाम करेगा, उससे निबटेंगे। उन्होंने मुंडेश्वरी धाम की महत्ता भी बयां की। कहा कि वहीं से गाना शुरू किया। केंद्रीय शिक्षा मंत्री की पहल पर मुंडेश्वरी धाम स्थित माता की प्रतिमा की कार्बन डेटिंग कराई गई। इसकी तिथि लगभग ढाई हजार साल पुरानी आई है। यह अभी शोध का विषय है। लोगों को वहां जाना चाहिए।