fbpx
चंदौलीराजनीतिराज्य/जिला

Chandauli news: हिंदू युवा संगठन के कार्यक्रम में शामिल होकर राजनीतिक कयासों को हवा दे गए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के छोटे पुत्र नीरज सिंह

चंदौली। हिन्दू युवा संगठन की ओर से शनिवार को मुख्यालय स्थित एक लान में समरसता खिचड़ी भोज और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के छोटे पुत्र नीरज सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शिरकत की और चंदौली की धरती पर हिन्दू एकता का शंखनाद किया।

नीरज सिंह ने कहा कि हम हिन्दू में हिन्दू नहीं उसकी जाति ढूंढ रहे हैं यही वजह है कि आज हिन्दू बंटा हुआ है, बिखरा हुआ है। जिस दिन देश के 135 करोड़ लोग एकजुट होकर एक लक्ष्य के साथ एक दिशा में बढ़ेंगे उस दिन भारत को विश्व गुरु बनने से कोई रोक नहीं सकता। अपने पिता रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की धरा को मंच संभालने ही नमन किया। बड़ों से आशीष की आकांक्षा की, वहीं हमउम्र साथियों के बीच अपना स्नेह लुटाया। कहा कि प्रकृति जब हमें संसाधन देती है तो वह जाति व धर्म नहीं देखती। ऐसे में हमें भी अपने अंदर से सवर्ण, पिछड़ी व अनुसूचित जाति का भेद मिटाना होगा। कतिपय राजनेता अपने निजी व राजनीतिक स्वार्थ के लिए हिन्दू समाज को जातियों में बांटने का काम कर रहे हैं। कहा कि यह हमारे पुरखों की धरा है, जिसे धान का कटोरा कहा जाता है। लेकिन अब चंदौली केवल धान का कटोरा नहीं बल्कि धन-धान्य की थाली बननी चाहिए। यहां अपार संभावनाएं है जो चंदौली को तरक्की प्रदान करेंगी। अंत में उन्होंने भाजपा सरकार के कामकाज व उपलब्धियों को गिनाया। कहा कि भाजपा सरकार अंत्योदय के भाव से काम कर रही है। सरकार ने गरीबों को आवास, मुफ्त राशन आदि योजनाओं से आच्छादित किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुवीर सिंह जडे़जा ने कहा कि जब तक कोई भी हिन्दू अपने आप को असहाय व असुरक्षित महसूस करता है। कोई भी भूखे पेट है तब तक हम सभी को मिलकर समाज को संगठित व समृद्ध करने की दिशा में काम करना होगा। राष्ट्रीय महासचिव कौशलेंद्र सिंह ने मकर संक्रांति पर्व की सभी को शुभकामनाएं दी और एकजुट होकर सशक्त होने का संकल्प दिलाया। प्रदेश महासचिव राजेश सिंह रिंकू ने कहा कि सिंधू से लेकर सागर के बीच भारत भूभाग पर निवासरत सभी लोग हिन्दू हैं। अपनी इस एकता को बनाए रखना होगा। हिन्दू-हिन्दू भाई हैं लिहाजा एक-दूसरे का दुख-दर्द को बांटना और कमजोर को सहयोग देकर समृद्ध बनाना हमारी जिम्मेदारी व प्राथमिकता होनी चाहिए। नीरज सिंह के इस कार्यक्रम और हिंदू युवा संगठन की सक्रियता को आगामी 2024 चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है। इस अवसर पर राणा प्रताप सिंह, साधना सिंह, अजय सिंह, संजय सिंह, अनुग्रह नारायण सिंह, सुजीत सिंह, अवधेश सिंह, पवन प्रताप सिंह, संदीप सिंह, अमन सिंह आदि उपस्थित रहे।

Back to top button