
तरुण भार्गव
चंदौली। चकिया आदर्श नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी एमलाल गौतम ने शुक्रवार को नगर के विभिन्न वार्डों में स्थापित गोवंश आश्रय स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान आश्रय स्थलों में चारा, पानी व ठंड से पशुओं के बचाव की व्यवस्था देखी। उन्होंने आश्रय स्थल संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
दरअसल, शासन का फरमान है कि ठंड के मौसम में गोवंश आश्रय स्थलों में रखे गए बेजुबानों को किसी तरह की परेशानी न होने पाए। उनके लिए जरूरी इंतजाम किए जाएं। जिलाधिकारी की ओर से भी प्रत्येक बैठक में इसको लेकर निर्देश दिए जाते हैं। ऐसे में नगर पंचायत प्रशासन गंभीर है। ईओ ने विभिन्न आश्रय स्थलों में जाकर व्यवस्थाओं की पड़ताल की। उन्होंने आश्रय स्थलों में भूसा, पानी, हरा चारा आदि की उपलब्धता और ठंड से बचाव का इंतजाम देखा। मातहतों को सभी इंतजाम मुकम्मल रखने के निर्देश दिए। कहा कि पशुओं के लिए हरा चारा की उपलब्धता सुनिश्चित करें। सर्दी से बचाव के लिए आश्रय स्थल में इंतजाम होने चाहिए। यदि कोई पशु बीमार हो तो बिना समय गंवाए पशुपालन विभाग को सूचित करें। लापरवाही मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई तय है।