
चंदौली। जिले में इस समय शीतलहर का प्रकोप जारी है। कड़ाके की ठंड से जनमानस बेहाल है। पारा लुढ़ककर 7.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। आगामी दिनों में लोगों को ठंड से राहत की उम्मीद है। तापमान में क्रमिक वृद्धि के आसार हैं।
राज्य कृषि मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह बताते हैं कि पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के उपरांत अनुगामी कोल्ड फ्रंट (शीताग्र) के प्रभाव से सतही स्तर पर ठंडे पर्वतीय एवं मरूस्थलीय क्षेत्रों से आ रही शुष्क एवं ठंडी पछुवा/उत्तरी-पश्चिमी हवाओं के कारण पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान लगभग 2°C की प्रभावी गिरावट हुई है। पारा 7.1°C तक लुढ़क गया। इसी दौरान हवा की गति धीमी पड़ने से कोहरे के घनत्व में वृद्धि होने तथा घना कोहरा पड़ने से न्यूनतम दृश्यता 50 मीटर तक आ गई तथा दिन का अधिकतम तापमान भी 1°C से अधिक गिरावट के साथ 21.3°C पर पहुंच गया। इससे दिन भर ठंड एवं गलन का असर बना रहा। बताया कि आगामी पश्चिमी विक्षोभ के अग्रभाग में आंशिक बादल हो जाने तथा ऊष्णाग्र (वार्म फ्रंट) के प्रभाव से सतही स्तर पर अपेक्षाकृत गर्म दक्षिणी हवाओं का प्रभाव बढ़ने से न्यूनतम तापमान में हो रही गिरावट थम जाने तथा आगामी 48 घंटों के दौरान तापमान में क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है।