fbpx
क्राइमचंदौलीराज्य/जिला

chandauli news: स्कार्पियो सवार बदमाशों ने पुलिस चौकी के सामने ही जल शक्ति मिशन से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों को पीटा, आधे घंटे बाद पहुंची पुलिस

चंदौली। मुगलसराय पुलिस का इकबाल कमजोर पड़ता नजर आ रहा है। चेन छिनैती की एक के बाद एक घटनाओं के बाद अब बदमाशों ने भरे बाजार जल शक्ति मिशन (Jal Shakti Mission) से जुड़े आईओएन एक्सचेंज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारियों और कर्मचारियों को पीट दिया। घटना कूड़ा बाजार पुलिस चौकी के सामने ही हुई। मौके पर अफरातफरी मच गई। बदमाश स्कार्पियो से फरार हो गए। आरोप है कि पुलिस आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची। पांच घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

आईओएन एक्सचेंज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड जिले में जल शक्ति मिशन का काम देख रही है। कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी पीडीडीयू नगर (pddu nagar)के मैनाताली में पुलिस चौकी के पास ही किराए का मकान लेकर रहते हैं। शाम को काम समाप्त होने के बाद आवास पर लौट रहे थे। जैसे ही अपनी गाड़ी से उतरे कि एक स्कार्पियो में सवार तकरीबन 10 से 15 की संख्या में बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और पिटाई शुरू कर दी। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद मनबढ़ फरार हो गए। घटना में जीएम प्रभात गौतम, मैनेजर दीपांकर वासु, देवोज्योतिराय, प्रोजेक्ट मैनेजर देवव्रत चक्रवर्ती और डिजाइनर सौमित्र भट्टाचार्य घायल हो गए। सूचना मिलने के आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों का निजी अस्पताल में इलाज कराया गया। पीडीडीयू नगर कस्बे में पुलिस की इस सुस्ती और कमजोर पड़ते प्रभाव की खूब चर्चा हो रही है। जीएम प्रभात गौतम ने बताया कि बदमाशों ने पहले गेस्ट हाउस में उनपर हमला किया। किसी तरह वहां से बचकर निकले तो मैनाताली में घेरकर पिटाई शुरू कर दी। पुलिस चौकी पास ही में थी। क्यों मार रहे हैं कारण भी नहीं पता। इसकी शिकायत कोतवाली पुलिस से की गई है।

पहले हो चुकी है हत्या
पीडीडीयू नगर में आईओएन एक्सचेंज इंडिया लिमिटेड के अधिकारियों और कर्मचारियों की पिटाई का मामला बेहद ही गंभीर है। इसे ठेकेदारी विवाद और वर्चस्व से जोड़कर देखा जा रहा है। कमीशन और प्रभुत्व को लेकर रेलवे की नामी कंपनी के मैनेजर सपन डे की कुछ वर्ष पहले हत्या की जा चुकी है। घटना से कंपनी के कर्मचारियों में डर का माहौल है।

Back to top button