
चंदौली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार की दोपहर मुख्यालय स्थित महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज पहुंच गए। लगभग दो बजे उनका हेलीकाप्टर महेंद्रा के ग्राउंड में बने हेलीपैड पर उतरा। सीएम ने कार्यक्रम स्थल पर बटन दबाकर परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।

सीएम ने सबसे पहले विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टाल का अवलोकन किया। इसके बाद बच्चों का अन्नप्रासन किया। उन्होंने मंच से बटन दबाकर जिले में लगभग ९३६ करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इसके बाद विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, चेक व चाबी का वितरण किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूह, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, आयुष्मान भारत योजना, सोलर पंप समेत अन्य योजनाओं के लाभार्थियों में स्वीकृति पत्र व प्रमाण पत्र बांटा। भारी उद्योग मंत्री व क्षेत्रीय सांसद महेंद्रनाथ पांडेय ने सीएम का जनपद आगमन पर स्वागत किया। उन्होंने जिले में विभिन्न परियोजनाओं के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही कई महत्वपूर्ण योजनाओं के प्रस्तावों पर ध्यान भी आकृष्ट कराया।