
तरुण भार्गव
चंदौली। आदर्श नगर पंचायत चकिया के प्रशासक अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त हो गए हैं। उन्होंने नगर के शमशेर ब्रिज और मछली मंडी से अवैध अतिक्रमण हटाने का आदेश जारी कर दिया है। इससे अतिक्रमणकारियों में खलबली मची है। मछली मंडी में नगर पंचायत की ओर से आवंटित भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर तारबंदी कर लिया गया है। एसडीएम के आदेश के बाद अतिक्रमणकारियों में खलबली मची है।
नगर पंचायत प्रशासन की ओर से अतिक्रमणकारियों को पूर्व में ही नोटिस भेजी गई थी, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ। नगर प्रशासक व उपजिलाधिकारी ज्वाला प्रसाद ने मौके का मुआयना किया। उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन को शमशेर ब्रिज से तत्काल अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया है। साथ ही साथ मछली मंडी में नगर पंचायत द्वारा आवंटित भूमि पर अवैध तारबंदी करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई के आदेश दिए। नगर के मुख्य मार्गों पर कई वर्षों से अवैध अतिक्रमण है। इसके चलते आएदिन लोगों को जाम के झाम से जूझना पड़ता है। नगर पंचायत प्रशासन की ओर से बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद अतिक्रमणकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही थी। नगर प्रशासक के सख्त रूख के बाद हड़कंप मचा है। इस अवसर पर नगर प्रशासक के साथ ही अधिशासी अधिकारी एमलाल गौतम, चौकी प्रभारी हरिकेश व अन्य मौजूद रहे।