
चंदौली। पश्चिमी मरूस्थलीय व मैदानी इलाकों से आ रही तेज पछुआ हवा के चलते पारा नीचे आने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। भीषण गर्मी व लू के चलते सभी बेहाल दिखे। आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मौसम शुष्क रहेगा। वहीं तापमान में क्रमिक वृद्धि दर्ज की जाएगी। हीट वेब का असर रहेगा। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
राज्य कृषि मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ व निचले क्षोभमंडल में तेज़ पुरवा हवा के प्रभाव से 12 अप्रैल को अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस के स्तर पर आ गया था, परंतु इस पश्चिमी विक्षोभ के पूर्वी अग्रसरण के साथ ही इसके अनुगामी शीताग्र (कोल्ड फ्रंट) का प्रभाव समाप्त हो गया। शुष्क एवं गर्म पश्चिमी मरूस्थलीय और मैदानी क्षेत्रों से आ रही तेज पछुवा हवा के चलते 13 अप्रैल से तापमान में दोबारा वृद्धि शुरू हो गई। इसी क्रम में 17 अप्रैल को अधिकतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस के प्रभावशाली उछाल के साथ इस सीजन के अपने पिछले उच्चतम स्तर 43.2 डिग्री सेल्सियस (9 अप्रैल) को पार करते हुए 43.4 डिग्री सेल्सियस के नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गया, जो दीर्घकालीन जलवायवीय औसत से लगभग 4 डिग्री सेल्सियस अधिक था। इस दौरान सतही स्तर पर अधिकतम 37-38 किमी/घंटा की रफ्तार से गर्म एवं शुष्क तेज़ पछुवा हवाओं के कारण न्यूनतम सापेक्षिक आर्द्रता गिरकर नौ फीसद पर आ गई। इसके साथ ही सतही स्तर पर गर्म व शुष्क मरुस्थलीय एवं पश्चिमी मैदानी क्षेत्रों से आने वाली पछुवा हवाओं का प्रभाव बना रहने के कारण आगामी दिनों में भी अधिकतम तापमान में हो रही क्रमिक वृद्धि जारी रहने के आसार हैं।