
चंदौली। कंदवा थाना के अरंगी गांव में पिछले दिनों घर में सोए 32 वर्षीय मनोज प्रजापति नामक युवक को गोली मारने के आरोपित शक्तिमान को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से तमंचा व कारतूस बरामद किया गया। आरोपित ने आपसी रंजिश में युवक को गोली मारने की बात स्वीकार की।
विधानसभा चुनाव के दौरान अरंगी गांव निवासी युवक को घर में सोते समय रात के वक्त गोली मारी गई थी। पुलिस मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुटी थी। घटना की तफ्तीश में गांव निवासी सूर्यकिरण उर्फ शक्तिमान का नाम सामने आया। इस पर पुलिस अलर्ट हो गई। आरोपित को पकड़ने के लिए दबिश देने के साथ ही सुराग तलाश रही थी। बुधवार को सटीक लोकेशन के आधार पर आरोपित को धर-दबोचा। उसकी निशानदेही पर अरंगी गांव से तमंचा और कारतूस बरामद किया। आरोपित ने पूछताछ में अपना जुर्म कुबूल किया। पुलिस को बताया कि मनोज के साथ उसका पुराना विवाद था। दोनों के बीच पहले भी झगड़ा हो चुका था। वैसे घटना के मूल जड़ में आशनाई की बात सामने आ रही है। बहरहाल इसी रंजिश चे चलते शक्तिमान ने मनोज को गोली मारी थी। उसके खिलाफ हत्या का प्रयास व आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई में जुटी रही। एसओ हरिश्चंद्र सरोज, एसआई मनोज पांडेय, रामभवन यादव, हेड कांस्टेबल संतोष कुमार सिंह, कृपाशंकर यादव, कांस्टेबल अनिल यादव रहे।