
चंदौली। नौगढ़ क्षेत्र के लौवारी कला गांव में रविवार की देर शाम भारतीय जनता पार्टी के बूथ अध्यक्ष राजकुमार मोदनवाल की पिटाई के मामले में ग्राम प्रधान यशवंत यादव पर हुए एफआईआर हिरासत में लिए जाने के विरोध में सोमवार की शाम सपा कार्यकर्ता प्रधान के साथ नौगढ़ थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। कुछ अनुदेशक भी धरने को समर्थन दे रहे हैं।
भाजपा के बूथ अध्यक्ष राज कुमार मोदनवाल ने ग्राम प्रधान यशवंत यादव और उनके सहयोगियों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। बूथ अध्यक्ष को भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था। भाइपाइयों ने केंद्र के चिकित्सक पर मेडिकल बनाने में हीलाहवाली का आरोप लगाते हुए सीएमओ से शिकायत भी की थी। इसके बाद दूसरे चिकित्सक ने मेडिकल किया, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर ग्राम प्रधान और उनके चार सहयोगियों पर मुकदमा दर्ज कर ग्राम प्रधान को गिरफ्तार कर लिया गया। सोमवार को आक्रोशित क्षेत्र के कई ग्राम प्रधान और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए और यशवंत यादव पर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए उन्हें रिहा करने और मुकदमा वापस लेने की मांग की। धरना प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने यशवंत यादव को रिहा कर दिया। इस दौरान राजनाथ यादव, विमल यादव, रामवृक्ष यादव, सुनील चौरसिया, शमशेर यादव, जयप्रकाश यादव, अनुदेशक कैलाश यादव, गुरु प्रसाद यादव, त्रिभुवन यादव, फसीहुद्दीन उपस्थित थे।