fbpx
चंदौलीराज्य/जिलाविधान सभा चुनाव

चकिया विधानसभा : प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर पूर्वांचल का स्वर्ग, रक्षामंत्री के गृह क्षेत्र वाली विधानसभा में इस बार त्रिकोणीय मुकाबला, जानिए मौजूदा राजनीतिक माहौल व सामाजिक समीकरण

जिले की चकिया विधानसभा का राजनीतिक सफर वर्ष 1962 के आम चुनावों के साथ शुरू हुआ। चंदौली सीट से सामान्य तथा सुरक्षित दो सीटे थीं और सामान्य व अनुसूचित सीट से दो विधायक चुने जाते थे। कांग्रेस से सामान्य सीट पर पंडित कमलापति त्रिपाठी व सुरक्षित पर रामलखन निर्वाचित हुए थे। वर्ष 1989 में जनता दल से सत्य प्रकाश सोनकर विजयी हुए। वर्ष 1991 व 93 में भाजपा के राजेश कुमार बहेलिया विधायक बने। वर्ष 1996 में सपा से सत्यप्रकाश सोनकर विधायक बने। वर्ष 2002 में भाजपा के शिव तपस्या पासवान चुने गए। वर्ष 2007 में बसपा के जितेंद्र कुमार जीते। 2012 के चुनाव में पूर्व विधायक सत्यप्रकाश सोनकर के निधन के बाद उनकी पत्नी पूनम सोनकर बसपा के जितेंद्र कुमार को हराकर विधायक बनीं। पूनम सोनकर ने 91,285 मत हासिल किए थे। जितेंद्र कुमार को 826023 वोट मिले थे। वर्ष 2017 में भाजपा के शारदा प्रसाद ने बसपा के जितेंद्र कुमार को पराजित कर दिया। शारदा प्रसाद ने 96,890 और जितेंद्र कुमार को 7,827 मत मिले। इस बार भाजपा ने वर्तमान विधायक शारदा प्रसाद के स्थान पर संघ के पुराने कार्यकर्ता कैलाश खरवार को प्रत्याशी बनाया है। वहीं जितेंद्र कुमार पाला बदलने के बाद सपा के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। बसपा ने विकास आजाद को प्रभारी बनाया है। इस बार तीनों दलों के प्रत्याशियों के बीच रोचक मुकाबला होने की उम्मीद है।

क्षेत्र की विशेषताएं
पर्यटन की दृष्टि से पूर्वांचल का स्वर्ग कहे जाने वाले राजदारी देवदरी जलप्रपात के अलावा औरवाटाड़, मुसाखाड़ आदि जलप्रपात शिमला जैसे सौंदर्य को समेटे हुए हैं। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का पैतृक गांव भभौरा भी इसी विधानसभा क्षेत्र में पड़ता है। यहां इस बार भाजपा, सपा व बसपा के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होगा। कांग्रेस व निर्दलीय भी चुनौती खड़ी कर सकते हैं।

जानिए सामाजिक समीकरण
विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक अनुसूचित जाति मतदाता हैं। इसके बाद यादव, ब्राह्मण, राजपूत, मौर्या, वैश्य, कोल, मुस्लिम, बिंद, चौहान, कुर्मी, खटीक, लोहार/कोहार, धोबी और वनवासी, गोंड/खरवार, मल्लाह और कायस्थ हैं। विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या 3 लाख 67 हजार 582 है।

Back to top button