
चंदौली। चुनाव पूर्व चंदौली में कांग्रेस को तगड़ा झटका लगा है। दो दशक से कांग्रेस में सक्रिय पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सियाराम पाठक राजू ने भाजपा का दामन थाम लिया। जिला प्रभारी मीना चौबे व जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह ने शनिवार को मुख्यालय स्थित कार्यालय में पार्टी की सदस्यता दिलाई। साथ ही संगठन की नीतियों व सिद्धांतों से भी अवगत कराया। जिले के युवाओं में अच्छी पैठ रखने वाले सियाराम पाठक के पाला बदलने से भाजपा को मजबूती मिलेगी।
सियाराम पाठक 2004 में कांग्रेस के एनएसयूआई से जुड़े। इसके बाद 2008 से 2010 तक यूथ कांग्रेस के जिला महासचिव रहे। 2010 से 2109 तक यूथ कांग्रेस के चंदौली लोकसभा के अध्यक्ष रहे। प्रियंका गांधी के 51 सदस्यों की टीम में स्थान बनाने के साथ ही कांग्रेस की ओर से चलाए गए आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि गलत नीतियों की वजह से कांग्रेस से लोगों का मोहभंग हो रहा है। सक्रिय व ईमानदारी के साथ संगठन का झंडा बुलंद करने वाले कार्यकर्ता हाशिए पर हैैं। भाजपा की नीतियों, केंद्र और प्रदेश सरकारों के सराहनीय कार्य की वजह से संगठन नित नई बुलंदियों को छू रहा है।