
चंदौली। सपा के बड़बोले नेता और महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष अबू आजमी ने शनिवार को एक बार फिर विवादित बयान दे डाला। केंद्र सरकार के कृषि बिल वापसी पर कहा कि सरकार ने थूक कर चाटा है। लेकिन जनता समझती है। अबू आजमी दुलहीपुर में परिवर्तन यात्रा को संबोधित कर रहे थे।
कहा कि जनता को बेवकूफ समझते हैं मोदी। अहंकार इतना की किसान 14 महीने धरने पर रहे। 700 किसान शहीद हो गए, यह दुनिया का सबसे बड़ा आंदोलन है। अब इनको लगा की जमीन खिसक रही है तो इन्होंने ना चाहते हुए बड़े अफसोस के साथ ऐलान किया कि हम बिल वापस लेते हैं। थूक के चाटा इन्होंने और याद रखिए जनता इतनी बेवकूफ नहीं है, आप तो सिर्फ अवसरवादी हैं। भाजपा ने वादे पूरे नहीं किए और जितने वादे किए सब झूठ हैं। कहा कि किसानों का आंदोलन रंग लाया और मैं सेल्यूट करता हूं उन किसानों को। अबू आजमी ने कहा कि अब तक कंगना को जेल में रहना चाहिए, अफसोस है कि अब तक जेल में नहीं गई औरत, जो हमारे शहीदों का मजाक उड़ा रही है, नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने कितनी बड़ी कुर्बानी दिया, उलेमाओं ने कितनी बड़ी कुर्बानी दी। सही आज़ादी 2014 में मिली, यह कहने वाले सिर्फ और सिर्फ तलवे चाटने वाले लोग हैं, मोदी से कुछ मिल जाता होगा उनकी तारीफ कर रहे हैं, मैं समझता हूं कि ऐसे लोगों का जो अवार्ड मिले तुरंत छीन लेना चाहिए उन्हें जेल भेज देना चाहिए।