
रिपार्टः जय तिवारी
चंदौली। मुगलसराय के दांडी से गायब हुए मोबाइल टावर टेक्नीशियन दीपक सिंह को पुलिस ने वृंदावन से गिरफ्तार कर लिया है। उसने अपने साले और छोटे भाई के साथ मिलकर खुद के अपहरण की झूठी कहानी रची और बीजेपी के जिला पंचायत सदस्य को इसमें लपेट दिया। आपराधिक और इश्क मिजाज प्रवृत्ति के दीपक सिंह ने जिला पंचायत सदस्य बबलू सिंह को दरकिनार कर टावरों से तेल चोरी के खेल में खुद का वर्चस्व स्थापित करने के लिए यह साजिश रची।
फिल्मी है टेक्नीशियन के गायब होने की कहानी
मोबाइल टावरों से तेल चोरी का खेल काफी पुराना है। कई माफिया भी इस खेल में शामिल और लाखों का वारा न्यारा कर रहे हैं। इंडस कंपनी का मोबाइल टावर टेक्नीशियन प्रयागराज के हंडिया निवासी दीपक सिंह तेल चोरी के इस खेल का पुराना शातिर खिलाड़ी है। चंदौली में 27 टावरों का काम बतौर टेक्नीशियन देखता था। अपने साले और भाइयों के साथ तेल चोरी के खेल में भी शामिल था। लेकिन इसी खेल के एक और माहिर खिलाड़ी जिला पंचायत सदस्य बबलू सिंह के सामने उसकी दाल नहीं गल पा रही थी। बबलू उसे मुनाफे में हिस्सा नहीं दे रहे थे। इसके चलते बबलू और दीपक के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। दीपक सिंह ने बबलू को सबक सिखाने और तेल चेारी के खेल में खुद का वर्चस्व स्थापित करने के लिए ही खुद के अपहरण की योजना बनाई। कुछ दिन पहले दोनों के बीच मोबाइल पर ही विवाद हुआ। एक दूसरे को देख लेने की धमकी दी। इसी बातचीत का आडियो दीपक ने सोशल मीडिया पर वायरल करा दिया ताकि जब वह गायब हो तो पूरा शक जिला पंचायत सदस्य बबलू पर जाए। इसके बाद उसने साले के जरिए खुद के अपहरण की झूठी खबर पुलिस तक पहुंचाई और बबलू के खिलाफ नामजद तहरीर दिलवाई। दीपक सिंह के वृंदावन में एक आलीशान फ्लैट ले रखा था। यहां से गायब होने के बाद दीपक सीधे अपने फ्लैट पर पहुंचा। दीपक की योजना थी कि वह तकरीबन एक माह तक गायब रहेगा। इस बीच मोबाइल टावर कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारी कंपनी और पुलिस पर दबाव बनाएंगे और बबलू से काम वापस ले लिया जाएगा। दीपक अपनी योजना में कामयाब भी हो जाता लेकिन उसकी इश्क मिजाजी ने पुलिस को उस तक पहुंचा दिया। पहले से शदीशुदा दीपक सिंह गायब होने के बाद भी चंदौली और प्रयागराज की अपनी महिला मित्रों से बात करता रहा। इसी के आधार पर पुलिस ने उसे ढूंढ निकाला। चंदौली पुलिस कप्तान अमित कुमार की तत्परता काफी सराहनीय रही। उसे वृंदावन से वापस लाने को टीम रवाना हो गई है।
सच साबित हुई पूर्वांचल टाइम्स की खबर
पूर्वांचल टाइम्स ने सबसे पहले अपने पाठकों तक सूचना पहुंचा दी थी कि मोबाइल टावर टेक्नीशियन दीपक सिंह को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। साथ ही पुष्ट सूत्रों के हवाले से यह जानकारी भी दी थी कि दीपक सिंह का अपहरण नहीं हुआ है बल्कि उसने खुद ही अपने अपहरण की साजिश रची थी।