
चंदौली। भाजपा प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह ने सोमवार को मुख्यालय स्थित पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी बैठक की। इसमें विधानसभा चुनाव में जिले की चारों सीटों पर बेहतर प्रदर्शन की रणनीति बनी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनाव में जीत का मंत्र दिया। साथ ही घर-घर जाकर केंद्र व प्रदेश सरकारों की नीतियों से अवगत कराने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता पूरी शिद्दत के साथ चुनाव में जुट जाएं। घर-घर जाकर लोगों को पार्टी की नीतियों व सिद्धांतों से अवगत कराएं। साथ ही केंद्र व प्रदेश सरकारों के विकास कार्य भी बताएं। पिछले पांच साल में प्रदेश का तेजी से विकास हुआ है। गुंडे माफिया प्रदेश से बाहर हैं या जेल में हैं। महिलाओं का सम्मान सुरक्षित है। किसान खुशहाल हैं। ऐसे में प्रदेश के विकास को और तेज करने के लिए मतदाताओं का आशीर्वाद जरूरी है। बोले, जनता को सरकार की योजनाएं बताने के लिए युवाओं को लगाया जाए। चुनाव के समय युवाओं की ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने वरिष्ठ कार्यकर्ता का सुझाव लेने पर भी जोर दिया। चतरा के सांसद सुनील सिंह, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दर्शना सिंह, प्रदेश मंत्री व जिला प्रभारी मीना चौबे, जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह, उमाशंकर सिंह, अखिल पोद्दार, अनिल तिवारी, शिवराज सिंह, जैनेंद्र कुमार, आशीष गुप्ता, प्रमोद पटेल, प्रेमनारायण सिंह, हरिचरण सिंह, पंकज मिश्रा, अनिल सिंह, हृदय तिवारी, देवेश पांडेय, वेदप्रकाश चौबे, जय सिंह रहे।