fbpx
चंदौलीराज्य/जिलाविधान सभा चुनाव

देर रात आया फैसला, चकिया में फिर खिला कमल, पहली बार मैदान में उतरे कैलाश के सिर सजा ताज

 

चंदौली। अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित चकिया विधानसभा सीट पर एक बार फिर कमल खिला। भाजपा के टिकट पर पहली बार विधायकी का चुनाव लड़ रहे कैलाश खरवार को जनता ने अपना समर्थन दिया। उन्होंने सपा प्रत्याशी व पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार को नौ हजार से अधिक वोटों से शिकस्त देकर भाजपा की कामयाबी बरकरार रखी। इस सीट पर दोबारा जीत से भाजपाई गदगद हैं।

कैलाश खरवार को 97812 मत मिले। वहीं उनके निकटतम प्रतिद्वंदी जितेंद्र कुमार को 88561 मतों से ही संतोष करना पड़ा। बसपा के विकास आजाद को 44530 मतों से ही संतोष करना पड़ा। कुल 3 लाख 78 हजार 414 मतदाताओं वाली चकिया विधानसभा में कुल 2 लाख 44 हजार 283 वैध मत पड़े थे। 16 मत अवैध पाए गए थे। शेष मत प्रत्याशियों के खाते में जुड़े। इसमें जयनाथ को 2405, रामसुमेर राम को 2049, अनिल को 1179, रामकिशुन को 672, सुभाष सोनकर को 5148, कमलाशंकर को 889, रामअवध खरवार 1037 मत पड़े। वहीं 2511 मतदाताओं ने किसी भी प्रत्याशी पर भरोसा जताने की बजाए नोटा का बटन दबाया। दरअसल, देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का गृहक्षेत्र चकिया विधानसभा में ही आता है। ऐसे में पार्टी के साथ ही रक्षामंत्री की साख भी दाव पर लगी थी। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में जनसभा के दौरान जनता से भाजपा प्रत्याशी को जीताने की अपील की थी। जनता ने भी अपनी धरती के लाल की बातों का मान रखा और एक बार फिर कमल खिला दिया। इससे भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर है।

Back to top button